Ranchi : राजधानी रांची में नशे के कारोबार पर पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में अरगोड़ा थाना पुलिस ने हरमू मैदान इलाके में कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 3.54 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेज दिया गया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि हरमू मैदान के आसपास एक व्यक्ति बाहर से ब्राउन शुगर लाकर इलाके में बेच रहा है। इससे क्षेत्र के युवाओं में नशे की लत बढ़ने की आशंका थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। सिटी एसपी पारस राणा के निर्देशन और हटिया डीएसपी पीके मिश्रा के नेतृत्व में अरगोड़ा थाना की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने हरमू क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया।
हरमू मैदान से गिरफ्तार हुआ आरोपी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हरमू मैदान के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ और जांच के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप डे (34 वर्ष) के रूप में हुई है। वह हरमू बाजार स्थित गुप्ता तिलकुट भंडार के सामने का रहने वाला है और अरगोड़ा थाना क्षेत्र का निवासी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
इस मामले में अरगोड़ा थाना में कांड दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ब्राउन शुगर कहां से लाता था और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Also Read : रांची की ट्रैफिक व्यवस्था का SSP ने लिया जायजा, सड़क पर उतरकर हटवाया अतिक्रमण और अवैध पार्किंग


