Ranchi : राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए सोमवार को रांची एसएसपी राकेश रंजन ने ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के साथ शहर के प्रमुख इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान अल्बर्ट एक्का चौक से लेकर अंजुमन प्लाजा तक सड़क व्यवस्था, पार्किंग और यातायात संचालन का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन पार्क करने वालों, फुटपाथ और सड़क पर दुकान लगाने वालों तथा अन्य प्रकार के अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को चेतावनी देते हुए सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा नहीं करने की हिदायत दी।
एसएसपी ने विशेष रूप से पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा पर जोर दिया। फुटपाथ और पैदल यात्रियों के रास्ते पर मोटरसाइकिल तथा अन्य वाहन खड़े करने वाले चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। कई जगहों पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारु बनाया गया।
निरीक्षण के दौरान पार्किंग स्टैंड में खड़े वाहनों को भी व्यवस्थित तरीके से पार्क कराया गया। अधिकारियों ने पार्किंग संचालकों को निर्देश दिया कि वाहन निर्धारित स्थान पर ही खड़े कराए जाएं ताकि सड़क पर जाम की स्थिति न बने।
इस मौके पर एसएसपी ने विभिन्न ट्रैफिक पोस्ट पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों से भी बातचीत की। उन्होंने यातायात नियंत्रण को और प्रभावी बनाने, आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार करने तथा नियमों का सख्ती से पालन कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभियान के दौरान स्थानीय डीएसपी, संबंधित थाना प्रभारी और अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
Also Read : झारखंड की सीनियर IPS अधिकारी विजया लक्ष्मी बनीं CRPF की IG, चंदन झा CISF में DIG


