गिरिडीह में दहेज बन रहा था रिश्ते में रोड़ा, प्रेमी ने मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से किया विवाह ​​​​​​​

गिरिडीह : झारखंडीधाम में सोमवार को एक अनूठी शादी हुई। तिलोना हीरोडीह की रहने वाली एक लड़की की शादी दहेज के चक्कर में तय नहीं हो पा रही थी। पिछले कुछ समय से जहां भी रिश्ते की बात चलती। दूल्हे वाले इतनी मोटी रकम की मांग कर देते कि लड़की का परिवार बैरंग लौट जाता। एक के बाद एक 5 रिश्ते टूट गए।

इसके बाद लड़की ने साहसिक कदम उठाना। लड़की का पिछले 8 माह से एक लड़के से प्रेम संबंध चल रहा था। लड़की ने लड़के को फोन कर अपने घर बुलाया। बाइक पर बैठी और सीधे शिव मंदिर पहुंच गई। जहां झारखंडीधाम में दोनों ने एक दूसरे से पूरे विधि- विधान के साथ शादी कर ली। दावा किया जा रहा है कि अब इस रिश्ते से लड़के वालों को भी कोई ऐतराज नहीं है।

बताया जा रहा है कि धनवार के धर्मपुर के रहने वाले सिकंदर राम का तिलोना हीरोडीह की रहने वाली खुशबू कुमारी के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। लड़की स्कूल में पढ़ाई कर रही थी। लड़का चेन्नई में प्राइवेट नौकरी कर रहा था। दोनों का रिश्ता परिवार को मंजूर नहीं था। लड़की और लड़के वाले दोनों के विवाह के लिए अलग-अलग रिश्ता खोज रहे थे।

लेन-देन के चक्कर में दोनों का रिश्ता नहीं हो पा रहा था। इस बीच लड़की वाले एक-एक कर रिश्ता टूटने से परेशान थे। लड़की को अपने परिवार की परेशानी देखी नहीं गई। उसने पूरी बात लड़के को बताई। दोनों ने तय किया कि वह आपस में शादी करेंगे।

जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह लड़की ने लड़के को अपने घर बुलाया। लड़की पहले से तैयार होकर बैठी थी। वह सीधे लड़के की मोटरसाइकिल पर बैठी और झारखंडीधाम के लिए निकल गई। दोनों ने पहले रास्ते में शादी के लिए जरूरी सामग्री की खरीद की। मंदिर पहुंचकर पंडित की व्यवस्था की। इसके बाद पूरे विधि-विधान से विवाह कर लिया।

लड़की ने कहा कि वह अपने प्रेमी से ही विवाह करना चाहती थी लेकिन पहले परिवार वाले इसके लिए तैयार नहीं था। बाद में जब दान-दहेज की समस्या आने लगी तो परिवार परेशान हो गया।