Khunti : खूंटी थाना अंतर्गत घाघरा पुल के पास शुक्रवार सुबह एक युवक और एक युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शव की स्थिति इतनी भयावह है कि देखकर प्रतीत होता है कि अपराधियों ने बेहद बेरहमी से इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया है। दोनों के शरीर पर धारदार हथियार के गहरे निशान हैं। वहीं, दोनों के सिर को भारी पत्थरों से कुचल दिया है, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। सुबह जब स्थानीय लोगों ने देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। डीएसपी मंगल सिंह जामुदा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है।
डीएसपी मंगल सिंह जामुदा ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंच चुकी है। हमारी पहली प्राथमिकता मृतकों की शिनाख्त करना है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घाघरा पुल ही अपराध का मुख्य घटनास्थल है, या अपराधियों ने कहीं और हत्या कर शवों को यहां लाकर डंप किया है।
फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद लेने की तैयारी कर रही है। घटनास्थल की घेराबंदी कर छानबीन शुरू कर दी गई है। हालांकि इस दोहरे हत्याकांड ने खूंटी पुलिस की गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अपराधियों ने जिस तरह पुलिस को खुली चुनौती दी है, उससे आम लोगों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है।
Also Read : झारखंडः जिलों के एसपी केंद्रीय गृह मंत्री और डीजीपी का निर्देश को भी कैसे दिखा रहे हैं ठेंगा

