Hazaribagh : हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। घटना से जुड़ी गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस की SIT ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों के नाम देवकी प्रजापति, शिबु यादव उर्फ पिंटू उर्फ छोटू, महानन्द प्रजापति, दिनेश प्रजापति उर्फ दिनेश्वर, बडु गोप उर्फ सिकन्दर गोप, गोप जी उर्फ घनश्याम यादव, गणेश यादव और राजु प्रजापति बताये गये। सभी आरोपी बड़कागांव थाना क्षेत्र के पिपराडीह गांव के रहने वाले हैं।
क्या है पूरा मामला
बीते 06 जुलाई 2025 की शाम बड़कागांव थाना क्षेत्र के पिपराडीह गांव की संगीता देवी ने अपने पति दिनेश प्रजापति के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि दिनेश प्रजापति का अपहरण एक लाख रुपये के लेन-देन के विवाद को लेकर किया गया है। अपहरण का इल्जाम कुम्हरडीहा के रहने वाले सुभाष प्रजापति पर लगाया गया था। इस आधार पर थाना कांड संख्या-180/25 दर्ज किया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस को 10 जुलाई 2025 को कुम्हरडीहा स्थित एक कुएं से दिनेश प्रजापति का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद गांव में तनाव फैल गया।
भीड़ ने की दूसरी हत्या
इसके बाद 11 जुलाई 2025 को दिनेश प्रजापति की हत्या के बाद आक्रोशित भीड़ ने कुम्हरडीहा गांव में धावा बोल दिया। भीड़ ने मृतक दिनेश के पक्ष में गुस्से का इजहार करते हुए आरोपी सुभाष प्रजापति के पिता महेश प्रजापति को घर से घसीटते हुए बाहर निकाला और शनिवार बाजार टांड़ के बीच पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। यही नहीं, भीड़ ने सुभाष प्रजापति के घर में लूटपाट की और आगजनी भी कर दी। इस दौरान भीड़ ने पुलिस टीम पर भी हमला किया। इस मामले में कांड संख्या-185/25 दर्ज की गई थी, जिसमें कुल 38 नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों को अभियुक्त बनाया गया।
SP ने गठित की थी SIT
मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग पुलिस कप्तान अंजनी अंजन ने बड़कागांव SDPO पवन कुमार के नेतृत्व में SITका गठन किया गया। छापामारी के क्रम में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Also Read : झारखंड हाईकोर्ट में पेसा नियमावली लागू करने में देरी पर सुनवाई, सचिव ने क्या दी सफाई… जानें