Sahibganj : समाज में फैली कुरीतियों और अपराधों पर रोक लगाने के लिए तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे के नेतृत्व में सालगाछी पहाड़ क्षेत्र में जन जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में पहाड़िया समुदाय के ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर जानकारी दी गई।
अभियान में मुख्य रूप से डायन प्रथा, मानव तस्करी, सड़क सुरक्षा, मॉब लिंचिंग और बाल विवाह जैसे विषयों पर जोर दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि डायन प्रथा जैसी अमानवीय सोच समाज के लिए अभिशाप है और किसी भी वृद्ध महिला पर आरोप लगाना कानूनन अपराध है। ऐसी घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई। मानव तस्करी के बारे में उन्होंने चेताया कि बहला-फुसलाकर या नौकरी का झांसा देकर महिलाओं को बाहर ले जाना गंभीर अपराध है। इसके अलावा, सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए हेलमेट पहनने, नशे में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की बात कही।
मॉब लिंचिंग को रोकने के लिए उन्होंने कहा कि अफवाहों पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि पुलिस से पहले करें। बाल विवाह को कानूनन अपराध बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे बच्चों, खासकर बालिकाओं का भविष्य प्रभावित होता है और ऐसी घटनाओं की जानकारी तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें।
इस अभियान में स्थानीय समाजसेवी बेंजामिन मालतो, जोशवा मालतो, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पुलिस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से कानून के प्रति जागरूकता बढ़ती है और समाज को सही दिशा मिलती है। थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे ने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही अपराध मुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।
Also Read : ब्राउन शुगर के कारोबार को लेकर खू’नी संघर्ष, युवक की बेरहमी से ह’त्या


