Ranchi : रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में शुक्रवार को जूनियर डॉक्टरों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिलने से नाराज डॉक्टरों ने रिम्स निदेशक डॉ. राजकुमार के चैंबर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज डॉक्टरों ने “नो पे, नो वर्क” के नारे लगाए और अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन कर रहे जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि लगातार तीन महीने से सैलरी नहीं मिलने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किराया, रोजमर्रा के खर्च, परिवार की जिम्मेदारियां और अन्य जरूरी भुगतान प्रभावित हो रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल में दिन-रात मरीजों की सेवा करने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलना बेहद निराशाजनक है।


