Dhanbad : धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। झरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस की समय रहते कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि एसएसपी प्रभात कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक झरिया थाना क्षेत्र के आरएसपी कॉलेज के पास जमा हैं और किसी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर टीम गठित की गयी। गठीत टीम ने बताये गये लोकेशन पर रेड मारी।
तीन पकड़े गए, फिर चौथा भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को हथियार के साथ मौके से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पास के एक घर में दबिश दी, जहां से एक और युवक को हथियार के साथ पकड़ लिया गया। इस तरह कुल चार अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, एक देसी कट्टा, एक दर्जन से ज्यादा जिंदा गोलियां और चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है और पुलिस अब इनके इस्तेमाल और नेटवर्क की जांच कर रही है।
अन्य साथियों की तलाश जारी
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। बाकी संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। धनबाद पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण के लिहाज से बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आपराधिक साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
