Ranchi : रांची के सदर अस्पताल में उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी, रजिस्ट्रेशन काउंटर, किचन, ओपीडी और फार्मेसी समेत कई विभागों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खुद दवाओं की एक्सपायरी डेट भी चेक की, ताकि मरीजों को सुरक्षित दवाएं मिल सकें।
स्टाफ को दिए सख्त निर्देश
डॉ. बिमलेश कुमार सिंह ने फार्मेसी इंचार्ज और अन्य स्टाफ को साफ निर्देश दिया कि मरीजों और उनके परिजनों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज को दवा देने से पहले उसकी एक्सपायरी डेट जरूर जांची जाए, ताकि किसी तरह की लापरवाही न हो।
महिला मरीज ने की दवा नहीं मिलने की शिकायत
निरीक्षण के दौरान सुमन नाम की एक महिला मरीज ने शिकायत की कि डॉक्टर द्वारा लिखी गई दो दवाएं उसे फार्मेसी में नहीं मिलीं। इस पर उपाधीक्षक ने जवाब देते हुए कहा कि अस्पताल में दवाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन कुछ खास दवाएं फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता का दावा
उपाधीक्षक ने बताया कि अस्पताल की फार्मेसी में कई तरह की एंटीबायोटिक्स उपलब्ध हैं और वार्ड व इनडोर मरीजों के लिए दवाएं और इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि इस निरीक्षण का मकसद यही है कि छोटी से छोटी कमी को भी समय रहते दूर किया जा सके।
कई विभागों की ओपीडी रोज संचालित
रांची सदर अस्पताल में मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, नेत्र, ईएनटी, सर्जरी और ऑर्थोपेडिक्स की सामान्य ओपीडी के साथ-साथ ऑन्कोलॉजी, हेमाटोलॉजी, न्यूरोसर्जरी और कार्डियोलॉजी जैसी सुपर-स्पेशियलिटी सेवाएं भी रोज चलती हैं। यहां इलाज कराने आने वाले मरीजों को ओपीडी में मुफ्त दवाएं भी दी जाती हैं।
व्यवस्था सुधारने पर जोर
डॉ. बिमलेश कुमार सिंह ने साफ कहा कि अस्पताल में किसी भी तरह की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि व्यवस्था को और बेहतर बनाएं, ताकि मरीजों को इलाज के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
Also Read : आज रात 10 बजे तक खुला रहेगा ‘खजाना’, मार्च क्लोजिंग पर भुगतान की रफ्तार तेज


