जेल में बंद पूर्व विधायक अमित महतो की जमानत पर आज आएगा फैसला

रांची : जेल में बंद सिल्ली के पूर्व विधायक अमित महतो की जमानत पर आज फैसला आएगा। इस मामले पर शुक्रवार को अपर न्यायायुक्त मो. एसएम शहजाद की अदालत में जमानत याचिका पर सुनवाई हुई थी। जिसमें राज्य सरकार की ओर से उपस्थित अपर लोक अभियोजक श्याम चौधरी ने अदालत से अमित महतो को जमानत नहीं देने का आग्रह किया था। उन्होंने पुलिस की ओर से सौंपी गयी केस डायरी के आधार पर जमानत का विरोध किया।

जबकि अमित महतो के वकील ने कोर्ट से कहा कि पूर्व विधायक अमित महतो को जमानत मिलनी चाहिए क्योंकि उन्होंने खुद सरेंडर किया है। अदालत ने दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया और आज सुनाने की तिथि निर्धारित की है।

गौरतलब है कि अमित के खिलाफ वर्ष 2022 में विधानसभा घेराव कार्यक्रम के बाद रांची के धुर्वा थाना में कांड संख्या 208/2022 दर्ज की गयी थी। प्राथमिकी में सरकारी काम में बाधा डालने और बिना अनुमति के सड़क जाम करने सहित कई आरोप लगाये गये थे।