Bokaro : वित्तीय वर्ष 2025-26 के खत्म होने से पहले बोकारो के DC अजय नाथ झा एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने जिला कोषागार कार्यालय का निरीक्षण कर वहां चल रहे कामकाज का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वित्तीय कार्यों, जरूरी अभिलेखों और भुगतान प्रक्रिया को करीब से देखा और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली।


लंबित बिल और भुगतान की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान डीसी ने खास तौर पर लंबित बिलों और भुगतान की स्थिति पर फोकस किया। उन्होंने खातों के समायोजन की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को साफ निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी काम तय समय सीमा के अंदर और नियमों के अनुसार पूरे किए जाएं, ताकि वित्तीय वर्ष का समापन बिना किसी दिक्कत के हो सके।
किसी समस्या पर तुरंत दें जानकारी
डीसी ने जिला कोषागार पदाधिकारी गुलाब चंद उरांव को निर्देश दिया कि काम के दौरान अगर कोई भी समस्या आती है, तो तुरंत उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार को इसकी जानकारी दी जाए। साथ ही डीडीसी को भी निर्देश दिया गया कि सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करें।
साफ-सफाई और व्यवस्था पर जताया संतोष
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, दस्तावेजों के रख-रखाव और कामकाजी माहौल को भी देखा गया। इन व्यवस्थाओं को देखकर डीसी ने संतोष जताया और कहा कि इसी तरह व्यवस्था बनाए रखी जाए।
वित्तीय वर्ष के समापन की पूरी तैयारी
अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष के समापन को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कोशिश है कि कोषागार से जुड़े सभी काम समय पर और बिना किसी बाधा के पूरे हो जाएं। निरीक्षण के दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read : योगेंद्र साव के निष्कासन पर सियासी बवाल, तेली समाज का कांग्रेस पर दबाव


