Ranchi : DC भजन्त्री की अध्यक्षता में आज समाहरणालय ब्लॉक ए स्थित सभागार में मोरहाबादी मैदान में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, परिवहन पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में DC ने सभी अधिकारियों को समारोह की तैयारी से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आगंतुकों के लिए वाटरप्रूफ पंडाल, स्टेज और साउंड टॉवर की व्यवस्था, मैदान समतलीकरण और बैरिकेटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वीआईपी और कैडेटों के लिए बैठने की व्यवस्था, अल्पाहार, पुष्प सज्जा और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की तैयारी पर भी जोर दिया गया।
विद्युत व्यवस्था, साउंड प्रूफ जेनरेटर, पेयजल आपूर्ति, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा/एम्बुलेंस व्यवस्था और अग्निशमन तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए। पार्किंग व्यवस्था और मोरहाबादी मैदान तक आने वाली सड़कों की सफाई का भी खाका तैयार किया गया।
DC ने बताया कि इस बार समारोह में झारखंड सरकार की योजनाओं और नीतियों के साथ राज्य की समृद्ध कला, संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहर को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने वाली कुल 12 झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें वन, ग्रामीण विकास, गृह एवं आपदा प्रबंधन, शिक्षा, कृषि, सूचना, पर्यटन, स्वास्थ्य, खादी ग्रामोद्योग, परिवहन, महिला-बाल विकास और उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग शामिल हैं।
समारोह में लगभग 15 प्लाटून और 3 बैंड हिस्सा लेंगे। अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी तक पूरी की जाएगी। DC ने सभी संबंधित अधिकारियों से सुनिश्चित करने को कहा कि समारोह सफल और भव्य रूप से संपन्न हो।

Also Read : खेत से मिली युवक की बॉडी, ह’त्या की आशंका


