Dhanbad : झारखंड की कोयला नगरी धनबाद में पुटकी-बेलगड़िया क्षेत्र के केंदुआडीह में जमीन के नीचे से जहरीली गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया है। प्रभावित इलाके में राजपूत बस्ती सहित आसपास का क्षेत्र शामिल है। घटना की जानकारी कोयला मंत्रालय, नई दिल्ली को दे दी गई है।
वैज्ञानिक अभी जांच कर रहे हैं कि गैस कब, कहां और कितनी मात्रा में रिसाव हो रही है। कोयला मंत्रालय और श्रम व रोजगार मंत्रालय ने राहत और बचाव कार्य के लिए कई टीमों को तैनात किया है। इसमें बीसीसीएल, कोल इंडिया, सीएमपीडीआईएल, डीजीएमएस, साथ ही आईआईटी-ISM और सिंफर के वैज्ञानिक शामिल हैं।
कोयला सचिव विक्रम देव दत्त मंत्रालय से पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। बीसीसीएल ने पुटकी-बेलगड़िया एरिया के महाप्रबंधक गणेश चंद्र साहा को कार्य में लापरवाही दिखाने के आरोप में निलंबित कर दिया है।
जांच में पता चला कि भूमिगत खदानों में पहले से आग लगी हुई है और पानी तथा गैस से इलाके का भू-भाग प्रभावित है। 13 और 14 नंबर सीम में खदानें पहले संचालित हो चुकी हैं। खदान निकालने के बाद जमीन खोखली हो गई है, जिससे जहरीली गैस सतह तक फैल रही है। बीसीसीएल के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र का दायरा लगभग 1.75 किलोमीटर है। धनबाद-बोकारो रोड के आसपास का इलाका भी गैस के प्रभाव में है।
कोयला मंत्रालय के अपर सचिव सनोज कुमार झा ने कहा कि राजपूत बस्ती का इलाका खतरनाक हो गया है। लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही रोजगार और कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। मुआवजा भी तय कर दिया गया है।


