Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा जिले के कर्माटाड़ थाना क्षेत्र में एक CSP (ग्राहक सेवा केंद्र) संचालक से लूट की घटना सामने आई। अपराधियों ने संचालक नारायण पंडित से लगभग 20,000 रुपए छीन लिए और भागते समय हवाई फायरिंग भी की। यह घटना कुरुवा गांव के जोरिया के पास से सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार नारायण पंडित पिपरासोल में एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं और बैंक से लौट रहे थे। तभी बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और उनका बैग छीन लिया, जिसमें नगदी, चेकबुक और मोबाइल फोन था। ग्रामीणों ने शोर सुनकर अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन अपराधियों ने हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित नारायण पंडित ने पुलिस को बताया कि तीन अपराधियों ने जोरिया के पास लूट की वारदात को अंजाम दिया। उनके भाई कृष्ण मोहन पंडित ने मीडिया को बताया कि वे दोनों बैंक में साथ थे। ड्राफ्ट बनाने के लिए वह रुक गए थे और उनका भाई आगे निकल गया था, तभी यह घटना हुई। बता दें कि यह घटना गुरुवार शाम को हुई है।
जामताड़ा के एसडीपीओ विकास आनंद लगोरी ने बताया कि यह छिनतई की घटना है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन छानबीन कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Also Read : रैयतों के हक पर डाका : मुआवजा घोटाले में एसीबी की बड़ी रेड, 16 गिरफ्तार


