Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की है। कपाली ओपी क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 82.80 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 16.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
जिले की एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि 6 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कपाली ओपी क्षेत्र के बंधुगोड़ा में इम्तियाज खान के मकान में नशे का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया और तत्काल छापेमारी की गई। पुलिस जब मकान में पहुंची तो वहां से 679 पुड़ियों में पैक 82.80 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
किराए के मकान से चला रहे थे नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों में महाराज अली, असगर अली और शबनम परवीन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार महाराज अली इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। उसका पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और वह आरआईटी थाना क्षेत्र के एक मामले में पहले से वांछित था। जांच में यह भी पता चला है कि तीनों आरोपी किराएदार बनकर मकान में रह रहे थे और वहीं से ब्राउन शुगर की सप्लाई का नेटवर्क चला रहे थे।
पुलिस अब नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी
पुलिस ने सभी आरोपियों की बायोमेट्रिक जांच और फिंगरप्रिंटिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसके बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एसपी ने कहा कि पुलिस अब इस गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई जाती थी और किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जाती थी। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कथित सफेदपोशों की भी पहचान की जा रही है।
Also Read : जमशेदपुर में चेन स्नैचिंग का खुलासा, ज्वेलर्स समेत तीन गिरफ्तार


