Seraikela/Kharsawan : झारखंड के सरायकेला-खरसावां में पुलिस ने एक बार फिर लोगों का भरोसा जीत लिया है। यहां थाना पुलिस ने पांच लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस दिलाए। थाना परिसर में एक साधारण कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी गौरव कुमार ने सभी को उनके मोबाइल सम्मानपूर्वक सौंपे। सरायकेला-खरसावां के मणीडीह (पदमपुर) गांव के अमन सामड़ का मोबाइल 13 अक्टूबर 2024 में गुम हो गया था। करीब डेढ़ साल बाद जब उन्हें फोन वापस मिला तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अमन ने पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उम्मीद ही छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की कोशिशों से मोबाइल वापस मिल गया।
अन्य लोगों को भी मिली राहत
इसी तरह अन्य लोगों के भी मोबाइल पुलिस ने बरामद किए और उन्हें लौटाया। इनमें संतारी गांव के रंजन कुमार पाल, जोजोकुड़मा के इस्माइल सिंह बोरमा, कुचाई के बडाचाकड़ी गांव के राम गुंदुवा और रीडिंग के जयप्रकाश हेंब्रम शामिल हैं। इन सभी के मोबाइल अलग-अलग समय पर गुम हुए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें खोजकर मालिकों को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि सभी मोबाइल सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से ट्रेस किए गए और फिर उन्हें बरामद किया गया। इस तकनीक की मदद से गुम मोबाइल खोजने में काफी आसानी हुई।
पुलिस की सक्रियता से बढ़ा भरोसा
लोगों ने बताया कि कई महीनों तक मोबाइल नहीं मिलने के बाद वे उम्मीद छोड़ चुके थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता से उन्हें राहत मिली। इस पहल से लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि पुलिस लगातार जन शिकायतों का तेजी से समाधान करने में जुटी है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
Also Read : कानून की जानकारी देने सड़क पर पहुंचे न्यायाधीश, धनबाद में बड़ा अभियान शुरू


