Ranchi : झारखंड में सर्द हवाओं के चलते तापमान लगातार गिर रहा है। पिछले 24 घंटे में राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
सर्द हवाओं की गतिविधि बढ़ने से सुबह और रात में ठंड और कुहासा (कोहरा) का असर तेज हो सकता है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले चार दिनों तक ठंडी हवा का प्रभाव जारी रहेगा। रात के समय नमी और ठंड के कारण कोहरा भी घना हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में लातेहार का न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची के तापमान में 2.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री और न्यूनतम 1.4 डिग्री तक नीचे गया। चाईबासा में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 16.6 डिग्री दर्ज किया गया। रांची का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम 15.2 डिग्री रहा।

रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान ठंड और बढ़ेगी। खासकर रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की और गिरावट आ सकती है। रांची समेत सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में कमी जारी रहेगी।
Also Read : आज शाम पांच बजे थम जाएगा घाटशिला उपचुनाव का प्रचार, प्रत्याशी अब घर-घर जाकर मांगेंगे समर्थन

