Ranchi : झारखंड में अब ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट जारी रहेगी। आज यानी सोमवार से लेकर 15 नवंबर तक राज्य के कई हिस्सों में ठंड बढ़ने का अनुमान है। मौसम केंद्र ने बताया है कि अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। 13 नवंबर तक सुबह के समय कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा।
पांच जिलों में शीतलहर का असर
मौसम विभाग ने 10 और 11 नवंबर को राज्य के पांच जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, गुमला और लोहरदगा में शीतलहर चलने की चेतावनी दी है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
रांची में भी बढ़ेगी ठंड
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी मौसम साफ और शुष्क रहेगा। इससे दिन और रात दोनों के तापमान में कमी आने की संभावना है।

कहीं शीतलहर तो कहीं मध्यम ठंड
पश्चिमी झारखंड और छत्तीसगढ़ से सटे इलाकों में शीतलहर चलेगी, जबकि देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में हल्की से मध्यम ठंड महसूस होगी। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
राज्य में तापमान की स्थिति
पिछले 24 घंटे में चाईबासा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.8°C और गढ़वा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.6°C दर्ज किया गया। कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक नीचे रहा। 14 और 15 नवंबर को मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
Also Read : नीरज सिंह ह’त्याकांड पर संजीव सिंह ने तोड़ी चुप्पी, कहा- भाई के म’र्डर में मेरा नाम आना…

