Munger : बिहार के डिप्टी CM सम्राट चौधरी सहित पांच आरोपितों के खिलाफ 2014 के लोकसभा चुनाव से जुड़े आचार संहिता उल्लंघन के मामले में मुंगेर कोर्ट ने आरोप गठित किया। आज यानी गुरुवार को अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पंकज कुमार की कोर्ट में सम्राट चौधरी, उदय नारायण चौधरी, समीर मधुकर, दिवाकर और योगेंद्र उपस्थित हुए। कोर्ट ने बिना प्रशासनिक स्वीकृति के आम सभा आयोजित करने और जुलूस निकालने के मामले में इनके खिलाफ आरोप तय किए। इस मामले में कुल आठ लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज था, जिनमें से पूर्व विधायक नीता चौधरी, गणेश पासवान और एक अन्य आरोपित की मृत्यु हो चुकी है।
मुंगेर-भागलपुर के विकास पर जोर
डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने कहा कि वे न्यायालय का सम्मान करते हैं और इसलिए कोर्ट की कार्रवाई में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि सरकार का ध्यान मुंगेर और भागलपुर के विकास पर केंद्रित है। मुंगेर में एयरपोर्ट का विकास होगा और मुंगेर से भागलपुर के बीच गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण पर सहमति बन गई है। यह सड़क बांका होते हुए रक्सौल से हल्दिया तक जाएगी। इसके अलावा, जिले में सभी स्थानों पर छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा। अगुआनी घाट से सुल्तानगंज के बीच बन रहे सड़क पुल का सुपर स्ट्रक्चर पटना उच्च न्यायालय के आदेशानुसार तैयार किया जाएगा।
सुल्तानगंज में शिव भक्तों के लिए सुविधाएं
डिप्टी CM ने बताया कि सुल्तानगंज में शिव भक्तों की सुविधा के लिए रेलवे से 17 एकड़ जमीन बिहार सरकार ने प्राप्त की है, जिस पर आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही, सुल्तानगंज-देवघर सड़क को फोरलेन में बदला जाएगा।
Also Read : 5 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी, ट्यूटर गिरफ्तार