Chaibasa : शूरवीरों की धरती सेरेंगसिया में सोमवार को अमर वीर शहीदों को नमन और श्रद्धांजलि अर्पित करने का भव्य समारोह आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस अवसर पर उपस्थित रहे और शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करने वाले वीरों को श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड हमेशा से शूरवीरों की धरती रही है। हमारे पूर्वजों ने अंग्रेजों के अन्याय, शोषण और जुल्म के खिलाफ अपनी पहचान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए अपना सब कुछ न्योछावर किया। पोटो हो, भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और नीलांबर पीतांबर जैसे वीर शहीदों की शहादत इस धरती की गाथा है।
विकास की सौगात और परिसंपत्ति वितरण
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 398 करोड़ 19 लाख 35 हजार 298 रुपए की लागत से 197 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें 122 योजनाओं का शिलान्यास (224 करोड़ 78 लाख 77 हजार 843 रुपए) और 75 योजनाओं का उद्घाटन (173 करोड़ 40 लाख 57 हजार 405 रुपए) शामिल है। साथ ही, 3 लाख 77 हजार 256 लाभार्थियों के बीच 637 करोड़ 43 लाख 13 हजार 500 रुपए की परिसंपत्तियां वितरित की गईं। 1479 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि जब तक आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और बौद्धिक रूप से मजबूत नहीं होंगे, तब तक राज्य आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने युवाओं को उच्च शिक्षा और प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग देने, विदेश में उच्च शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप देने और बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की आधी आबादी, खासकर महिलाएं, सशक्त और आत्मनिर्भर बनें, इसके लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मदद कर रही है। मुख्यमंत्री मइंया सम्मान योजना के तहत 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को हर वर्ष 30 हजार रुपए दिए जाते हैं ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा, “हम सभी अपने अमर वीर शहीदों के आदर्श और सपनों को पूरा करने का संकल्प लें और झारखंड को विकास के हर मोर्चे पर तेज गति से आगे बढ़ाएं।”
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा मांझी, विधायकगण निरल पूर्ति, दशरथ गागरई, सुखराम उरांव, सोनाराम सिंकू, सविता महतो, समीर मोहंती, संजीव सरदार, जगत मांझी, सोमेश चंद्र सोरेन, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन, पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा, उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु उपस्थित रहे।
Also Read : रेलवे साइडिंग पर फा’यरिंग की साजिश नाकाम, दरोगा का बेटा समेत तीन गिरफ्तार




