Ranchi/Davos : विश्व आर्थिक मंच (WEF) की वार्षिक बैठक के दौरान सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील के शीर्ष अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में टाटा स्टील ने झारखंड में ग्रीन स्टील परियोजनाओं में 11 हजार करोड़ रुपये निवेश की प्रतिबद्धता दोहराई।
तीन बड़ी ग्रीन स्टील परियोजनाओं में निवेश
टाटा स्टील ने पर्यावरण अनुकूल नई तकनीक के तहत तीन प्रमुख परियोजनाओं का प्रस्ताव रखा है…
- हिरसाना ईजी एंड मेल्ट तकनीक परियोजना – 7,000 करोड़ रुपये
- कॉम्बी मिल परियोजना – 1,500 करोड़ रुपये
- टिनप्लेट विस्तार परियोजना – 2,600 करोड़ रुपये
इन परियोजनाओं में नीदरलैंड और जर्मनी की उन्नत ग्रीन स्टील तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे प्रदूषण कम होगा और उत्पादन अधिक टिकाऊ बनेगा।
मुख्यमंत्री बोले- रोजगार और स्वच्छ तकनीक पर जोर
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील के साथ यह साझेदारी झारखंड को देश के अग्रणी ग्रीन औद्योगिक राज्यों में शामिल करेगी और भारत के जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने में मदद करेगी।
हिताची ने भी दिखाई निवेश में रुचि
बैठक के दौरान हिताची कंपनी ने झारखंड में बिजली, उच्च स्तरीय ग्रिडिंग और आधुनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में निवेश का प्रस्ताव रखा।
WEF ने दिया व्हाइट बैज सम्मान
विश्व आर्थिक मंच की ओर से सीएम हेमंत सोरेन को व्हाइट बैज देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने WEF को सहयोग का औपचारिक पत्र भी सौंपा। यह सहयोग तीन क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगा…
- क्रिटिकल मिनरल्स और नई ऊर्जा
- जलवायु परिवर्तन से निपटना
- जैव विविधता संरक्षण
स्वीडन ने शहरी परिवहन में निवेश की जताई इच्छा
पिछले वर्ष झारखंड सरकार की स्वीडन यात्रा के बाद अब वहां की सरकार ने शहरी परिवहन व्यवस्था में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है। इस विषय पर अप्रैल में भारत और स्वीडन के बीच राउंड टेबल बैठक होगी।
महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने पर चर्चा
सीएम ने वर्ल्ड वूमन पॉलिटिकल लीडर्स फोरम के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। झारखंड में हाशिये पर रहने वाले वर्गों की महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सहयोगात्मक ढांचा तैयार करने पर सहमति बनी। भारत चैप्टर की स्थापना और सभी दलों की महिला प्रतिनिधियों के लिए गैर-दलीय मंच बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
बैठक में शामिल प्रमुख लोग
बैठक में टाटा स्टील के एमडी एवं सीईओ टीवी नरेंद्रन, स्वीडन इंडिया बिजनेस काउंसिल की सेसिलिया ओल्डने, वूमन पॉलिटिकल लीडर्स फोरम की अध्यक्ष सिलवाना कोच-मेहरिन, WEF के विराज मेहता, हिताची इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख भारत कौशल और टेक महिंद्रा के अध्यक्ष साहिल धवन सहित कई उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Also Read : स्विट्जरलैंड में सीएम हेमंत सोरेन से मिले भारत के राजदूत मृदुल कुमार

