Ranchi: विजयादशमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची के मोरहाबादी मैदान और अरगोड़ा मैदान में आयोजित भव्य दशहरा एवं रावण दहन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस आयोजन का संयुक्त रूप से आयोजन पंजाबी-हिंदू बिरादरी दशहरा कमेटी, मोरहाबादी और दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति, अरगोड़ा ने किया था।
हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई, अन्याय पर न्याय और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारी संस्कृति और परंपरा को जीवंत बनाए रखने का संदेश देता है और समाज को सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति इस बात का प्रतीक है कि लोग अपनी संस्कृति और परंपरा से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने राज्यवासियों का धन्यवाद करते हुए विश्वास जताया कि झारखंड की जनता आपसी भाईचारे और सामंजस्य के साथ राज्य को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।

इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, विधायक सी. पी. सिंह, विधायक नवीन जायसवाल, झारखंड सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री विनोद पांडे, JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, पंजाबी-हिंदू बिरादरी दशहरा कमेटी के अध्यक्ष सुधीर उग्गल, चेयरमैन कुणाल अजमानी, पूर्व अध्यक्ष राजेश खन्ना, दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति, अरगोड़ा के अध्यक्ष पंकज कुमार साहू, नरेंद्र प्रसाद साहू, पंचानंद कुमार, कंचन साहू, रवि साहू समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।