Chaibasa : चाईबासा जिले में एक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। यह घटना शनिवार सुबह चाईबासा-हाता मुख्य सड़क पर जयंती ब्रिज के पास हुई। यहां दो मालवाहक ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
मृतक चालक की पहचान विजय कुमार राय (45) के रूप में हुई है, जो बिहार के छपरा जिले का निवासी था। वह कोलकाता से चाईबासा माल खाली करने आ रहा था। इस हादसे में ट्रेलर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और सड़कों पर वाहन के पार्ट्स बिखरे पड़े थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए थे।
हादसे के समय दोनों गाड़ियों की गति काफी तेज थी और लगातार हो रहे कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम थी, जिसके कारण दोनों ट्रकों की टक्कर हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : चाईबासा सड़क हादसा: तेज रफ्तार और कोहरे ने ली ट्रक चालक की जान


