Ranchi/Bokaro : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर घूसखोरी के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने ट्विटर के माध्यम से कहा कि राज्य के सभी स्तरों मुख्यमंत्री कार्यालय, सचिवालय, जिला, अनुमंडल और प्रखंड कार्यालयों में घूसखोरी का चलन नजर आ रहा है।
बाबूलाल मरांडी ने बोकारो जिले के चंदनक्यारी प्रखंड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यहां एक दुधमुंहे बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भी सरकारी कर्मचारियों ने अवैध राशि की मांग की। उन्होंने बताया कि सभी दस्तावेज और प्रक्रियाएं पूरी करने के बावजूद, कर्मचारियों ने फाइल खोजने और साइन कराने के नाम पर बार-बार घूस मांगी।
झारखंड में मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM के नेतृत्व में जिस तरह घूसखोरी का चलन शुरू हुआ है, उसका असर मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर सचिवालय, जिला, अनुमंडल और प्रखंड कार्यालयों तक साफ दिखाई दे रहा है।
बेहद शर्मनाक है कि बोकारो जिले के चंदनक्यारी प्रखंड में एक दुधमुंहे बच्चे का जन्म… pic.twitter.com/Q1qn0nj0tr
— Babulal Marandi (@yourBabulal) February 3, 2026
उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या पंजीयन कार्यालय के कर्मचारियों को उनका वेतन पर्याप्त नहीं है कि वे अपने वैधानिक कर्तव्यों का निर्वहन बिना घूस लिए नहीं कर पा रहे। बाबूलाल मरांडी ने बोकारो डीसी से आग्रह किया कि इस मामले का तुरंत संज्ञान लें, दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करें और बिना किसी देरी के संबंधित जन्म प्रमाण पत्र निर्गत कराएं।
मरांडी ने कहा कि अगर प्रशासन इतनी ही निर्लज्जता दिखाना चाहता है, तो बेहतर होगा कि घूस की दरें सार्वजनिक रूप से घोषित कर दी जाएं, ताकि आम नागरिक बार-बार अपमानित न हों।
Also Read : बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत पर साधा निशाना, आदिवासी मुद्दों को लेकर लगाए गंभीर आरोप

