Bokaro : बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र के बांसगोड़ा गांव में 1-2 अगस्त की रात हुई मटु दास हत्याकांड का बोकारो पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि यह एक सुनियोजित हत्या थी, जो गोमिया जनरल स्टोर के पास चल रहे जुए के अड्डे पर अंजाम दी गई। गिरफ्तार आरोपियों में बिरबल कुमार सिंह उर्फ निखिल सिंह उर्फ कटप्पा, शेखर कुमार उर्फ शेखर प्रजापति उर्फ साहिल, प्रमोद कुमार धर, कृष कुमार और सूरजदेव सिंह शामिल हैं।
मुख्य साजिशकर्ता बिरबल कुमार सिंह है, जिसने गैंग चलाने के लिए कई पहचानें बना रखी थीं। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, गोलियां, चोरी की संपत्ति और घटना में इस्तेमाल किए गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, ये अपराधी पहले से अपने टारगेट को चुनते हैं और पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम देते हैं। सभी आरोपियों पर पहले से डकैती, लूट और जबरन वसूली जैसे कई मामले दर्ज हैं।
एसपी ने बताया कि इस घटना से स्पष्ट है कि जुए के अवैध अड्डे संगठित अपराधियों के आसान निशाने बनते हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और शहर में सक्रिय अन्य गिरोहों पर भी कार्रवाई की योजना बनाई गई है।