Bokaro : झारखंड हाई कोर्ट से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन और नियमित निगरानी को लेकर समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला की अध्यक्षता डीसी अजय नाथ झा ने की। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कोर्ट मामलों की समीक्षा, उनके समय पर निपटान और संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षित करना था। इसमें बोकारो जिले के सभी विभागों के प्रधान सहायक और कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हुए। जिला विधि प्रकोष्ठ ने अधिकारियों को केस ट्रैकिंग प्रणाली, समय सीमा प्रबंधन और प्रभावी विधिक प्रतिवेदन तैयार करने के तरीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
डीसी ने दिए सख्त निर्देश
इस अवसर पर डीसी अजय नाथ झा ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोर्ट मामलों के समाधान में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक विभाग अपने लंबित मामलों के जवाब समय सीमा के भीतर प्रस्तुत करें और किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने पाए। इसके अलावा उन्होंने नोडल पदाधिकारियों को केस मॉनिटरिंग, अद्यतन जानकारी रखने और अधिवक्ताओं के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में शामिल लोग
कार्यशाला में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, प्रभारी पदाधिकारी विधि शाखा श्रीमती शालिनी खलको, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा श्री पियूष, कार्यपालक दंडाधिकारी चास सत्यबला सिन्हा और हाईकोर्ट के वकील मो शहवाज के साथ जिला स्तर के विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि कोर्ट मामलों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए, जिससे जिला स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
Also Read : सीएम हेमंत सोरेन अदालत में हुए पेश, दो बेल बॉन्ड भरने के बाद मिली जमानत


