Gumla : गुमला थाना क्षेत्र के कांटासारू गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला दुतिया उरांइन का शव गांव के एक कुएं से बरामद किया गया। वह पिछले दो दिनों से लापता थीं। शव मिलने के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बुधवार सुबह घर से निकलीं, फिर नहीं लौटीं
मृतका के पुत्र किशोर उरांव ने बताया कि उनकी मां बुधवार सुबह घर से निकली थीं। परिवार वालों को लगा कि वह रोज की तरह शौच के लिए खेत की ओर गई होंगी और थोड़ी देर में वापस आ जाएंगी। लेकिन जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद आसपास के खेतों और गांव में उनकी खोजबीन शुरू की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
कुएं में तैरता मिला शव
गुरुवार दोपहर गांव के कुछ लोगों ने सूचना दी कि खेत की तरफ स्थित मंगरा नागाशिया के कुएं में एक महिला का शव ऊपर तैरता दिख रहा है। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जब शव को बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान दुतिया उरांइन के रूप में हुई। यह देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना तुरंत गुमला थाना को दी गई। गुरुवार शाम को थाना से अरविंद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल गुमला के शव गृह में रखवाया।
शुक्रवार सुबह एएसआई विनय कुमार महतो ने सदर अस्पताल पहुंचकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात
परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से दुतिया उरांइन की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि यह हादसा है या फिर कोई और वजह। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठ सके।
Also Read : गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने को रौंदा, मौके पर मौ’त, चालक गिरफ्तार

