Ranchi : रांची धुर्वा डैम में डूबे 21 वर्षीय अमन कुशवाहा की लाश मंगलवार दोपहर बरामद कर लिया गया। धुर्वा के आदर्श नगर का रहने वाला अमन कुशवाहा बीती रात डैम में डूब गया था। NDRF की टीम और स्थानीय पुलिस ने करीब 15 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लाश को पानी से बाहर निकाला। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली थी कि एक युवक धुर्वा डैम के गहरे पानी में डूब गया है। सूचना मिलते ही नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की गई। हालांकि रात का अंधेरा और डैम का गहरा पानी रेस्क्यू में बड़ी बाधा बन गया।
रातभर चला सर्च ऑपरेशन
स्थानीय पुलिस ने देर रात तक युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद मंगलवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व टीम कमांडर इंस्पेक्टर सरवन प्रमाणिक कर रहे थे। उनकी देखरेख में चलाए गए सर्च ऑपरेशन में शव को पानी से बाहर निकाला गया। काफी मशक्कत के बाद मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे युवक का शव बरामद कर लिया गया। शव बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
स्कूटी और चप्पलों से हुई पहचान
नगड़ी थाना प्रभारी ने बताया कि घटना स्थल के पास से युवक की स्कूटी और उसकी चप्पलें बरामद हुई थीं। इन्हीं सामानों के आधार पर शुरुआती पहचान की गई और परिजनों को सूचना दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अमन कुशवाहा के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Also Read : सड़क किनारे बैठे बच्चों और बुजुर्ग को डीजे वाहन ने कुचला, 10 साल के मासूम की मौ’त


