Ranchi : रांची के रातू थाना क्षेत्र में सड़क पर गाड़ी को पास देने और हाई बीम लाइट को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। इस घटना में महिंद्रा XUV में सवार सतीश कुमार और उनके सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज रांची के मेडिका अस्पताल में चल रहा है। घटना के दौरान आरोपियों ने सतीश कुमार की लाइसेंसी .315 बोर की राइफल भी छीन ली थी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में सतीश उरांव, सुखनाथ गोप, दासुवा उरांव, रंजीत गोप, सोमरा उरांव, विपिन उरांव और बबलू अहीर शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी रातू थाना क्षेत्र के मुरचू गांव और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं।
रुरल एसपी गौरव गोस्वामी के अनुसार, बीते 5 मई की रात रातू थाना क्षेत्र के मालमाडु गांव में तारूप जाने वाली सड़क पर महिंद्रा XUV और एक पिकअप वैन आमने-सामने आ गई। इसी दौरान गाड़ी पास देने और वाहन की हाई बीम लाइट को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि पिकअप वैन में सवार लोगों ने सतीश कुमार और उनके सहयोगी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपियों ने सतीश कुमार की लाइसेंसी 0.315 बोर की राइफल भी छीन ली और मौके से फरार हो गए। इस संबंध में रातू थाना में कांड दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम में डीएसपी मुख्यालय द्वितीय अरविंद कुमार और खलारी डीएसपी राम नारायण चौधरी को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए रातू थाना क्षेत्र के मुरचू गांव से इस मामले में शामिल सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छीनी गई लाइसेंसी .315 बोर राइफल भी बरामद कर ली। वहीं घटना में इस्तेमाल पिकअप वैन संख्या JH01-EF 4034 को पिठौरिया थाना क्षेत्र से बरामद किया गया। रुरल एसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने इस पूरे मामले का 24 घंटे के अंदर सफल उद्भेदन कर लिया। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Also Read : चलती ट्रेन में देशी पिस्तौल लहराकर धमका रहे थे यात्रियों को, आरपीएफ ने दो को दबोचा


