नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की. करीब 15 मिनट तक चली बातचीत में छात्रों ने JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और अपनी मांगों से भाजपा नेताओं को अवगत कराया.
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि JPSC और JSSC में हुई कथित गड़बड़ियों की CBI जांच कराई जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि छात्र परीक्षाओं को रद्द कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं और उनकी मांगें पूरी तरह जायज हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक उनके साथ खड़ी रहेगी और विधानसभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी.
मामला पेपर लीक का नहीं, हुआ है नौकरी बेचने का खेल
मरांडी ने आरोप लगाया कि झारखंड में केवल पेपर लीक का मामला नहीं है, बल्कि नौकरियां बेचने का संगठित खेल हुआ है. उन्होंने कहा कि 14वीं JPSC परीक्षा के अलावा JSSC CGL और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा समेत कई भर्ती प्रक्रियाओं में धांधली और अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं.
उन्होंने दावा किया कि पहले भी कुछ अभ्यर्थियों को कथित रूप से बिहार, नेपाल और रांची में प्रश्नों के उत्तर रटवाए गए थे और वही प्रश्न परीक्षा में पूछे गए. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि 14वीं JPSC परीक्षा में कट-ऑफ अंक समय पर जारी नहीं किए गए और बाद में जारी कट-ऑफ से चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े हुए.
हो CBI की जांच
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि पैसे देकर नौकरी पाने वाले लोग सरकारी सेवा में आएंगे तो वे आने वाले वर्षों तक भ्रष्टाचार को बढ़ावा देंगे. उन्होंने कहा कि झारखंड को भ्रष्टाचार के दलदल से बचाने के लिए JPSC और JSSC को भ्रष्टाचार मुक्त करना आवश्यक है.
मरांडी ने मांग की कि JPSC और JSSC के अध्यक्ष, परीक्षा नियंत्रक और सचिव को तत्काल पद से हटाकर पूरे मामले की CBI जांच कराई जाए. साथ ही दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज कर उनकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए. उन्होंने राज्य सरकार पर आंदोलनरत छात्रों के प्रति संवेदनहीन रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया.
इस अवसर पर भाजपा के कई विधायक और पदाधिकारी, जिनमें सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, मनोज यादव, नागेंद्र महतो, डॉ. नीरा यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, अमित यादव, शत्रुघ्न महतो, उज्ज्वल दास, मंजू कुमारी, प्रदीप प्रसाद, पूर्णिमा साहू, आजसू विधायक निर्मल महतो, भानु प्रताप शाही, अमर कुमार बाउरी और वरुण साहू सहित अन्य नेता मौजूद रहे.
Also Read : झारखंड: 12 साल से लापता युवती को सिमडेगा पुलिस ने खोजा, परिजनों से मिलाया

