Koderma : कोडरमा जिले में पानी और बिजली की लगातार हो रही दिक्कतों को लेकर शुक्रवार को माहौल गर्म हो गया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गांधी चौक से लेकर जिला उपायुक्त कार्यालय तक घड़ा लेकर निकले कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी नाराजगी जताई।प्रदर्शन के दौरान पूरा इलाका नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने “हेमंत सोरेन हाय-हाय”, “पानी दो, बिजली दो, नहीं तो गद्दी छोड़ दो” और “जो सरकार निकम्मी है, वो सरकार बदलनी है” जैसे नारे लगाए। इस दौरान माहौल काफी गरम हो गया और लोग बड़ी संख्या में प्रदर्शन को देखने भी जुट गए।
डीसी कार्यालय के सामने घड़ा फोड़कर विरोध
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर अपना विरोध और तेज कर दिया। यहां उन्होंने घड़े फोड़कर सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिले में पानी और बिजली की समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष अनूप जोशी ने किया। उन्होंने कहा कि जिले में लगातार बिजली कटौती और पेयजल संकट से आम लोग परेशान हैं। कई जगह पानी की मोटर खराब हो जाने से पिछले 15 दिनों से लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। वहीं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार जनता को बुनियादी सुविधाएं देने में पूरी तरह फेल हो गई है। भीषण गर्मी में लोग पानी और बिजली के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। अनूप जोशी ने साफ कहा कि अगर जल्द ही पानी और बिजली की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भाजपा जनता के हित में बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी। इस प्रदर्शन में कई वरिष्ठ और स्थानीय कार्यकर्ता शामिल हुए। जिला उपाध्यक्ष संगीता सिन्हा, राजकुमार यादव, सुभाष मोदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं भी मौजूद रहीं और उन्होंने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
Also Read : चक्रधरपुर और बिलासपुर मंडल में मेगा ब्लॉक, 27 ट्रेनें रद्द होने से बढ़ी परेशानी


