Patna : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा का सिलसिला जारी है। भाजपा ने बुधवार शाम को अपनी दूसरी सूची भी जारी कर दी है, जिसमें 12 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इस सूची में दो चर्चित चेहरे सबसे ज्यादा चर्चा में हैं लोकगायिका मैथिली ठाकुर और पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा।
मैथिली ठाकुर पिछले कुछ समय से भाजपा के संपर्क में थीं और 14 अक्टूबर को उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। वहीं, आनंद मिश्रा, जिन्हें बक्सर से लोकसभा टिकट नहीं मिला था, कुछ समय पहले जनसुराज छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। अब भाजपा ने उन्हें विधानसभा चुनाव में मैदान में उतारने का फैसला किया है।
इससे पहले, 14 अक्टूबर को भाजपा ने अपनी पहली सूची जारी की थी, जिसमें 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए थे। इस सूची में 9 महिलाओं को टिकट दिया गया था। इनमें परिहार से गायत्री देवी, नरपतगंज से देवंती यादव, किशनगंज से स्वीटी सिंह, प्राणपुर से निशा सिंह, कोढ़ा से कविता देवी, औराई से रमा निषाद, वारसलीगंज से अरुणा देवी और जमुई से श्रेयसी सिंह शामिल हैं।

भाजपा ने इस बार कई सीटों पर पुराने चेहरों को बदलने का भी फैसला लिया है। कुम्हरार से अरुण सिन्हा की जगह संजय गुप्ता, पटना साहिब से नंद किशोर यादव की जगह रत्नेश कुशवाहा और दानापुर से पूर्व सांसद रामकृपाल यादव को प्रत्याशी बनाया गया है।
Also Read : झारखंड में अपराधियों का तांडव, पुलिस बनी है मूकदर्शक : बाबूलाल