Pakur : पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के पलियादाहा गांव में एक बंदर के बच्चे ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी थी। बीते कुछ दिनों से यह बंदर अकेले घूम रहे बच्चों पर हमला कर देता था, जिससे कई बच्चे घायल हो गए। उसकी हरकतों से महिलाएं और बुजुर्ग भी घर से बाहर निकलने से डरने लगे थे।
गांव वालों के अनुसार, यह बंदर खेतों और गलियों में लोगों पर झपट रहा था। लगातार हो रहे हमलों के कारण गांव में डर का माहौल बन गया था। बच्चे घरों में कैद हो गए थे और कोई भी उन्हें बाहर भेजने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था।
बढ़ती परेशानी को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वनकर्मी अशराफुल शेख की अगुवाई में एक टीम गांव पहुंची। टीम ने बंदर को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया और उसमें केला व ब्रेड रखकर बंदर को फंसाने की कोशिश की। कुछ कोशिशों के बाद आखिरकार बंदर पिंजरे में फंस गया।

वन विभाग के अनुसार, बंदर मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रहा था, जिसके कारण वह हमलावर हो गया था। रेस्क्यू के बाद उसे इलाज के लिए विभागीय केंद्र भेजा गया, जहां उसे केला और पावरोटी खिलाई गई। अब वह शांत है और सुरक्षित है।
Also Read : Diwali 2025 : 20 अक्टूबर को मां लक्ष्मी और गणेश की पूजा… जानें शुभ मुहूर्त और नियम