Ranchi : रांची के DC मंजूनाथ भजंत्री ने सोमवार को समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, भूमि उपयोग की अनुमति सहित कई शिकायतें सामने आईं। डीसी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द और पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
DC ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। डीसी ने यह भी कहा कि जनता दरबार प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है।
जनता दरबार के दौरान राष्ट्रीय जतरा महोत्सव के आयोजकों के प्रतिनिधिमंडल ने भी DC से मुलाकात की। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर इस वर्ष भी 31 जनवरी से मोरहाबादी मैदान आवंटित करने का अनुरोध किया। प्रतिनिधियों ने बताया कि यह महोत्सव आदिवासी समाज की परंपराओं, लोककला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें झारखंड सहित देश के कई राज्यों के कलाकार भाग लेते हैं।
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने इस अनुरोध पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया, ताकि महोत्सव शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सके। वहीं जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपनी शिकायतें आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर भी दर्ज करा सकते हैं।


