Palamu : पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में एक सहायक शिक्षक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान चिल्हो खुर्द निवासी 45 वर्षीय उदय सिंह के रूप में हुई है। वह गांव के स्कूल में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। इसके अलावा वह झोला छाप डॉक्टर के रूप में भी आसपास के लोगों का इलाज करते थे। जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम उदय सिंह को किसी परिचित व्यक्ति का फोन आया था। फोन आने के बाद वह घर से निकल गए थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका।
इसी दौरान नगदारा गांव के पास पाटन जाने वाले मार्ग पर उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी मिली। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन शुरू की। कुछ दूरी पर झाड़ियों के बीच उदय सिंह का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से शराब और बीयर की कई बोतलें मिली हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उदय सिंह को किसी परिचित ने शराब पार्टी के बहाने बुलाया था। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी और इसके बाद धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में किसी करीबी या परिचित व्यक्ति की संलिप्तता होने की संभावना है। जिस व्यक्ति ने उन्हें फोन कर बुलाया था, उसकी पहचान और गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है और आखिरी बार संपर्क में आए लोगों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।
घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। फॉरेंसिक टीम की मदद से भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उदय सिंह की हत्या से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले का शीघ्र खुलासा कर हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
Also Read : रांची के 323 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की बदलेगी तस्वीर, गांवों में सुधरेगी स्वास्थ्य व्यवस्था

