Giridih : जिले के CCL कोलयरी क्षेत्र में बीती रात 1:30 बजे हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। 20 से 25 की संख्या में अपराधी CCL वर्कशॉप परिसर में घुस आए और सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए लाखों रुपए मूल्य की लूटपाट की।
सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाया
सभी अपराधी हथियारों से लैस थे। उन्होंने वहां तैनात सुरक्षा गार्डों को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया। गार्ड श्याम सुंदर महतो ने बताया कि किसी भी तरह का विरोध करने का मौका नहीं दिया गया। अपराधियों ने पूरी रात बेखौफ होकर वर्कशॉप में रखे लोहे और अन्य कीमती सामान को वाहनों में लादकर ले गए।
पुलिस और CCL अधिकारियों ने किया निरीक्षण
सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और CCL के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वर्कशॉप परिसर का निरीक्षण किया और चोरी गए सामान की सूची तैयार करना शुरू कर दिया। घटनास्थल से कुछ अहम सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश तेज कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इतनी बड़ी संख्या में हथियारबंद अपराधियों का वर्कशॉप में घुसना सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़ा कर रहा है। CCL प्रबंधन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की बात कही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read : झारखंड में सड़क विकास: रांची-साहेबगंज फोरलेन और गंगा पुल निर्माण को मिली केंद्र सरकार की मंजूरी


