Ranchi :नामकुम पुलिस ने नशा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार तस्कर को दबोचा है। यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब बेलबगान स्थित राम हरि गार्डन के पास “ढेला” की तस्करी चल रही थी। पकड़े गए आरोपियों में अमनदीप कुमार, अभिषेक कुमार उर्फ टाईगर उर्फ गोलू, हेमन्त गुड़िया और आयुष अनुज कुजूर शामिल है। रांची के SSP राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना पर तस्करों को पकड़ा गया है। बुधवार को नामकुम थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने बताया कि ब्राउन शुगर का कोड वर्ड “ढेला” है। बिहार से भारी पैमाने पर इसकी झारखंड में हो रही है। पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने कई जानकारी पुलिस को दी। पुलिस टीम मास्टरमाइंड को दबोचने में प्रयासरत है। जल्द पूरे मामले का उद्देभेदन किया जायेगा। छापेमारी टीम में नामकुम थाना प्रभारी मनोज कुमार के अलावा थाना के अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे।
कैसे मिली पुलिस को सफलता
डीएसपी ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस टीम राम हरि गार्डन के पास चारों तरफ से घेराबंदी कर वहां मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी हुई थी। इसी बीच पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार युवकों को पकड़ लिया। जबकि, एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान अमनदीप कुमार, अभिषेक कुमार उर्फ टाईगर/गोलू, हेमन्त गुड़िया और आयुष अनुज कुजूर के रूप में हुई। सभी अपने-अपने मूल जिलों से रांची में किराए पर रह रहे थे। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 17 पुड़िया ब्राउन शुगर और 24 पुड़िया गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा चारों के पास से एक सैमसंग और तीन आईफोन मोबाइल, दो कारें (CHEVROLET और KIA) और विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड और चेक बुक भी जब्त किए गए।
अंतरराज्यीय सिंडिकेट का हिस्सा है पकड़े गए तस्कर
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक अंतरराज्यीय सिंडिकेट का हिस्सा हैं, जो बिहार के सासाराम और गढ़वा जिलों से ब्राउन शुगर खरीदकर रांची में बेचते थे। हर पुड़िया की कीमत 500 रुपये है और बिक्री ऑनलाइन पेमेंट और “ढेला” कोड शब्द के माध्यम से की जाती थी। इस कारोबार का मास्टरमाइंड बिहार में है, जिसका कोई नाम नहीं जानता है और ना ही उसके संपर्क में कोई है।

