Patna : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों के लिए बिहार दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने बेतिया में सारण और चंपारण के नेताओं के साथ बैठक की और पटना में भाजपा प्रदेश कार्यालय में चर्चा की। शनिवार को वे मिथिला, कोसी, सीमांचल और अंग प्रदेश की 70 से अधिक विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तैयारियों का जायजा लेंगे।
आज की बैठकों का कार्यक्रम
अमित शाह समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, बेगूसराय, खगड़िया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, भागलपुर और बांका के BJP कोर कमेटी के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में क्षेत्र के मंत्री, विधायक, सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। वे पहले समस्तीपुर के सरायगंज में बैठक करेंगे, फिर अररिया के फॉरबिसगंज में लगभग 5,000 नेताओं और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे।
तैयारियां पूरी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
संगठनिक जिलों की कोर कमेटी बैठक में अमित शाह सबसे पहले सभी विधानसभा क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं की सूची देखेंगे। इसके बाद वे तैयारियों का जायजा लेंगे और नेताओं को चुनाव से जुड़े कार्य सौंपेंगे। बैठक की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कोर कमेटी के सदस्यों को पूरी तैयारी के साथ आने का निर्देश दिया है।

शुक्रवार को दिया जीत का मंत्र
शुक्रवार को अमित शाह ने पश्चिम चंपारण के चनपटिया में BJP कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने सारण, पश्चिम और पूर्वी चंपारण समेत 10 संगठनिक जिलों की कोर कमेटी के साथ बैठक की। पटना में प्रदेश BJP कार्यालय में भी उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में NDA का लक्ष्य 225 सीटें जीतना है। हर सीट पर कम से कम 225 बार जनसंपर्क करें। NDA सरकार के विकास कार्यों को लोगों तक पहुंचाएं। महिलाओं की समस्याएं सुनें, उनकी शिकायतें और सुझाव डायरी में नोट करें और उन पर काम करें। NDA की हर सीट को अपनी समझें और बिना भेदभाव के 100 प्रतिशत मेहनत करें।
Also Read : नामकुम स्टेशन पर आरपीएफ ने अवैध शराब के साथ युवक को किया गिरफ्तार