Ranchi : झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रांची, जामताड़ा, चतरा और लोहरदगा के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले तीन घंटों में इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है।
तेज हवाएं और झमाझम बारिश की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार, रांची, जामताड़ा, चतरा और लोहरदगा में अगले तीन घंटों में मौसम बिगड़ सकता है। 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश और वज्रपात का खतरा भी बना हुआ है। विभाग ने लोगों से खुले में न रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
15 से 18 सितंबर तक येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 15 से 18 सितंबर तक पूरे झारखंड में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और तेज आंधी की आशंका है।
- 15 सितंबर : सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना।
- 16 सितंबर : हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में 70 से 110 मिमी तक भारी बारिश हो सकती है।
- 17 सितंबर : चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में भारी बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी की चेतावनी। यह अलर्ट 18 सितंबर की सुबह तक प्रभावी रहेगा।
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और वज्रपात से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। बारिश और आंधी के दौरान सुरक्षित रहने के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है।
Also Read : एशिया कप 2025 : भारत-पाकिस्तान के बीच आज हाई-वोल्टेज मुकाबला… जानें पिच रिपोर्ट