Ranchi : आम जनता की समस्याओं को सुनने और उनका मौके पर समाधान निकालने के लिए झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की 21 अगस्त को कांग्रेस भवन, रांची में जनता दरबार आयोजित करेंगी। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा, जिसमें कोई भी नागरिक अपनी समस्या लेकर मंत्री से सीधे मिल सकता है।
इस जनसुनवाई कार्यक्रम की जानकारी कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति ने दी। उन्होंने बताया कि यह जनता दरबार केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि सरकार और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की पहल है। इसका उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
क्या है जनता दरबार का उद्देश्य?
सोनाल शांति के अनुसार, आम लोगों को अक्सर बिजली, पानी, राशन, कृषि से जुड़ी योजनाओं, मुआवजा, पेंशन, भूमि विवाद, फसल क्षति जैसी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कई बार फाइलें लंबित रह जाती हैं या सुनवाई नहीं होती। ऐसे में मंत्री स्तर पर जनता की बात सीधे सुनकर फैसला लेना अधिक प्रभावी होता है।
जनता को क्या करना होगा?
21 अगस्त को सुबह 11 बजे कांग्रेस भवन पहुंचकर लोग अपनी शिकायतें, दस्तावेजों के साथ पेश कर सकते हैं। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की स्वयं उपस्थित रहकर हर व्यक्ति की बात सुनेंगी और संबंधित विभागों को समस्या के समाधान के लिए निर्देशित करेंगी।
Also Read : गुड़हल का तेल : बालों की हर समस्या का रामबाण इलाज