Koderma : कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित केटीपीएस (बांझेडीह पावर प्लांट) में बुधवार सुबह एक हादसा हुआ। प्लांट के कोयला रैक पॉइंट पर काम कर रहे 35 वर्षीय प्रकाश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रकाश यादव मालगाड़ी की बोगियों को अलग कर कोयला उतारने का काम कर रहे थे। इसी दौरान मालगाड़ी में लगा होज पाइप अचानक उनके चेहरे से टकरा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद एम्बुलेंस को मौके पर पहुंचने में आधे घंटे से अधिक समय लगा, जिससे प्रकाश यादव की स्थिति और गंभीर हो गई। उन्हें पहले सदर अस्पताल, कोडरमा ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद प्रकाश यादव की पत्नी और परिजन अस्पताल पहुंचे और उनकी हालत देखकर रो पड़े। प्लांट के कर्मचारियों ने एम्बुलेंस की देरी और लापरवाही पर प्रशासन पर आरोप लगाया। इस घटना के बाद प्लांट परिसर में कर्मचारियों में आक्रोश देखा गया। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
Also Read : देवघर में सुबह-सुबह अपराधियों ने की अंधाधुंध फा’यरिंग, पुलिस जुटी जांच में

