Pakur : पाकुड़ के मालगोदाम रोड स्थित बीड़ी श्रमिक अस्पताल के पास पुलिस ने शनिवार को छापेमारी कर एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक मिन्टु शेख बताया गया है, जिसके पास से लगभग 2.28 ग्राम ब्राउन शुगर की 11 पुड़िया और एक अपाची मोटरसाइकिल (JH16D-7014) बरामद हुई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद के निर्देश पर प्रभारी अंचल निरीक्षक शंभु शरण दत्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में मिन्टु शेख ने अपने अन्य साथियों की संलिप्तता भी स्वीकार की है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन जारी है। इससे पहले नगर थाना क्षेत्र से आलम शेख को भी ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया था, जिसमें मिन्टु शेख का नाम भी सामने आया था।
मामले में मिन्टु शेख के खिलाफ 12 सितंबर को नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी दल में नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार, अंचल निरीक्षक शंभु शरण दत्त, तथा अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।
Also Read : NIOT की नई तकनीक से समुद्र की सेहत की निगरानी, मछुआरों को मिलेगा फायदा