Palamu : मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में शुक्रवार रात इलाज के लिए भर्ती कराई गई आदिम जनजाति परहिया समुदाय की 19 वर्षीय गर्भवती महिला अनिता कुमारी की शनिवार को मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अनिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई थी। मृतका की पहचान लातेहार जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत हेन्देहास गांव निवासी विनय परहिया की पत्नी अनिता कुमारी के रूप में हुई है। वह गर्भवती थी और ससुराल में रह रही थी।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम जब परिवार के अन्य सदस्य साप्ताहिक बाजार के लिए बाहर गए हुए थे, उसी दौरान अनिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। घर लौटने पर परिजनों ने देखा कि वह अचानक गिर गई। पूछने पर उसने खुद ही बताया कि जहरीला पदार्थ खा लिया है। परिजन तत्काल उसे बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से गंभीर स्थिति में उसे एमएमसीएच पलामू रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान अनिता ने दम तोड़ दिया।
अनिता के भाई प्रमोद परहिया ने बताया कि दो साल पहले उसकी शादी विनय परहिया से हुई थी। किसी प्रकार के घरेलू विवाद से उन्होंने इनकार किया। उन्होंने बताया कि अनिता का पति करीब 25 दिन पहले मजदूरी से लौटा था और घटना के समय घर पर ही मौजूद था। उसी ने परिवार को फोन पर सूचना दी थी।
हालांकि अनिता के शव की जांच के दौरान उसके हाथ पर चोट के निशान और खून के धब्बे पाए गए, जिससे संदेह है कि जहर खाने से पहले किसी प्रकार का विवाद हुआ हो सकता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
फिलहाल, मृतका के पति विनय परहिया की भी तबीयत घटना के बाद से बिगड़ गई है और उसका इलाज जारी है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
Also Read : ‘कांटा लगा’ फेम शेफाली जरीवाला का निधन