Dhanbad : धनबाद जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल SNMMCH से नवजात बच्चे के चोरी होने का मामला सामने आया है। इस अस्पताल में न सिर्फ धनबाद बल्कि गिरिडीह, जामताड़ा और आसपास के जिले के मरीज भी इलाज के लिए आते हैं।
मामला 25 दिसंबर की रात का है। टुंडी के मनियाडीह थाना क्षेत्र के भेलवे निवासी शालिग्राम मरांडी ने अपनी पत्नी सरिता मरांडी को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। सरिता ने 25 दिसंबर को बच्चे को जन्म दिया।
रात 8 बजे, सरिता अपने बच्चे के साथ गायनी वार्ड में थीं। तभी एक महिला नर्स बनकर आई और बच्चे की जांच के लिए उसे लेने को कहा। सरिता की सास ने बच्चे को महिला नर्स को सौंप दिया। महिला नर्स बच्चे को तीसरी मंजिल पर ले गई और वहीं बैठने को कहा।
आधे घंटे बाद भी बच्चा वापस नहीं आया। परिजनों ने बच्चे की खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिला। ऑर्थो वार्ड तक खोजने के बाद भी बच्चे का कोई पता नहीं चला।
सुबह होने पर परिवार ने वार्ड स्टाफ से बच्चे की जानकारी ली। सिस्टर ने बताया कि बच्चा जांच के लिए ले जाया गया था। परिजनों ने यह नहीं मानते हुए हंगामा किया।
मामले की सूचना सरायढेला थाना को दी गई। थाना प्रभारी मंजीत कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही बच्चे के गायब होने की पूरी सच्चाई सामने आएगी। अस्पताल के वरिष्ठ प्रबंधक डॉक्टर सुमन कुमार ने भी कहा कि मामला गंभीर है और जांच जारी है।


