Palamu : पलामू के सतबरवा थाना क्षेत्र के कसियाडीह में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। लंबे समय से बंद पड़े एक लाइन होटल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से आग की शुरुआत हुई, लेकिन हालात तब बिगड़ गए जब अंदर रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट पड़ा।
सिलेंडर फटते ही लोग पीछे हटे
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहले होटल की ओर से धुआं उठता दिखा। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश करने लगे। तभी अचानक सिलेंडर फटने की आवाज हुई। धमाका इतना तेज था कि लोग डरकर दूर हट गए। इसके बाद किसी ने पास जाने की हिम्मत नहीं की। इसी बीच आग और भड़क गई और होटल पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
एक व्यक्ति झुलसा, मालिक की हालत बिगड़ी
इस घटना में एक व्यक्ति झुलसकर घायल हो गया। वहीं होटल मालिक संजय प्रसाद को जब आग लगने की खबर मिली तो वे सदमे में आ गए। बताया जा रहा है कि वे मौके पर ही कई बार बेहोश हो गए। उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए रांची रेफर किया गया। आग से मकान और दुकान मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
डेढ़ घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड
आग लगने के करीब डेढ़ घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। तब तक ग्रामीण अपने स्तर से चापाकल और आसपास के साधनों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया गया।
पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही सतबरवा थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ एसआई प्रदीप कुमार, एएसआई सुबोध कुमार और अन्य जवान भी थे। ग्रामीणों की मदद से मकान के पीछे लगे झोरान को उखाड़कर आग के फैलाव को रोका गया। पास खड़ी एक 307 पिकअप वैन को भी समय रहते सुरक्षित जगह हटा दिया गया। एनएच-39 पर ट्रैफिक प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस की तैनाती की गई और वाहनों को नियंत्रित तरीके से पास कराया गया।
जनप्रतिनिधि भी पहुंचे मदद के लिए
घटना की जानकारी मिलते ही रबदा के मुखिया, बकोरिया के मुखिया संतोष उरांव, सामाजिक कार्यकर्ता अतुल कुमार, मोहम्मद अकबर, सांसद प्रतिनिधि अनिल सिंह समेत कई लोग मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर पानी डालकर आग बुझाने में हाथ बंटाया।
जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है, लेकिन असली कारण की जांच की जा रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read : हाथी-मानव टकराव पर 7 दिन में मुआवजा, 30 मिनट में पहुंचेगी टीम : संजीव कुमार


