Chaibasa : आरकेएसएन–एमएमवी रेलखंड पर गश्ती के दौरान दो ट्रैकमैनों की सतर्कता की वजह से एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई। घटना 5 दिसंबर की रात की है। बन बिहारी महतो (टीएम-IV) और हरियाल हेम्ब्रम (टीएम-IV) किमी 287 से 291 के बीच ड्यूटी पर थे। रात करीब 2:10 बजे किमी 289/12–14 पर पहुंचने पर उन्होंने डाउन लाइन पर पटरी टूटने (वेल्ड फेल्योर) का पता लगाया।
स्थिति गंभीर होने पर दोनों ट्रैकमैनों ने तुरंत रेलवे सुरक्षा प्रक्रिया अपनाई और ट्रैक को सुरक्षित किया। इसी दौरान उसी दिशा से आ रही एक मालगाड़ी को समय रहते रोककर संभावित दुर्घटना टाल दी गई।
रेलवे यूनियन ने दोनों कर्मचारियों के कार्य की सराहना की है। ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन ने घोषणा की है कि इन दोनों ट्रैकमैनों को सम्मानित किया जाएगा।
यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने कहा कि कठिन मौसम और रात के समय की चुनौतियों के बावजूद ट्रैकमैनों की सतर्कता ही रेलवे सुरक्षा का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मचारी रेलवे की सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं और उनका योगदान सम्मान के योग्य है।


