Dhanbad : धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। थाना से केवल 200 मीटर दूर स्थित पचगढ़ी, खेतान टावर में ज्वेलरी शॉप जमनादास बिसेसरलाल में चोरी की वारदात सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, अपराधियों ने दुकान के साइड शटर को काटकर चोरी की। घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लगभग एक दर्जन संदिग्ध अपराधियों की गतिविधियां कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।
इस घटना से इलाके के व्यापारियों में डर और आक्रोश का माहौल है। उनका कहना है कि थाना के इतने पास चोरी होना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाता है। व्यापारियों का आरोप है कि यदि पुलिस गश्त और निगरानी समय रहते मजबूत होती, तो यह घटना नहीं होती। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में चार से पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है और सभी से जोगता थाना में पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से इस मामले की पुष्टि नहीं की है।
Also Read : बोकारो स्टील प्लांट में कर्मचारी लापता, स्कूटी कूलिंग पॉन्ड के पास मिली


