Khunti : खूंटी–सिमडेगा मुख्य मार्ग पर बीती देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें डोड़मा आरसी चर्च से जुड़े दो फादरों की जान चली गई, जबकि एक अन्य फादर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, क्रेटा कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक के अंदर घुस गई और उसमें सवार लोग फंस गए। हादसे में डोड़मा निवासी फादर सुशील प्रवीण टिडू और बागरटोली निवासी फादर सुनील भेंगरा की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में घायल फादर जॉन्सन भेंगरा को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बताया गया है कि वे असम के एक चर्च में कार्यरत हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों फादर तोरपा से एक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने चर्च लौट रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही तोरपा उप प्रमुख संतोष कर घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी मुकेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजे गए।
इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ी है। बीते 13 दिनों में 9 लोगों की मौत से सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Also Read : कड़ाके की ठंड से कांपा झारखंड, मकर संक्रांति तक नहीं मिलेगी राहत
Also Read : Aaj Ka Rashifal, 08 JANUARY 2026 : जानें किस राशि का क्या है आज राशिफल
Also Read : दावोस में पहली बार गूंजेगा झारखंड से जोहार, सीएम हेमंत होंगे आदिवासी जनप्रतिनिधि


