Ranchi : रांची में झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के लिए मंगलवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में हुए इस समारोह में तीन हजार से ज्यादा अधिसूचित आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य निर्माण में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को पहचान और सम्मान देना था।
प्रमुख अधिकारियों ने किया प्रतीकात्मक वितरण
समारोह में डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने विशिष्ट आंदोलनकारियों को प्रतीकात्मक रूप से प्रमाण पत्र सौंपे और राज्य सरकार की ओर से आभार व्यक्त किया। डीसी ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड आंदोलनकारी राज्य निर्माण की नींव हैं। उनके योगदान को हमेशा सम्मान से याद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आंदोलनकारियों की सामाजिक सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
आंदोलनकारियों के संघर्ष को बताया आधार
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने आगे कहा कि आंदोलनकारियों का संघर्ष ही झारखंड राज्य की पहचान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आंदोलनकारी आगे भी जिले और राज्य के विकास में सक्रिय योगदान देते रहेंगे।
कार्यक्रम में कई अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, नजारत उपसमाहर्त्ता सुदेश कुमार समेत कई विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
Also Read : IND vs SA : विराट कोहली ने दिखाया अपनी बल्लेबाजी का जलवा, वनडे करियर में 53वां शतक पूरा


