जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के दौरान अपनी मांगों को लेकर राज्यभर की रसोइया दीदियां आज राजधानी रांची में आंदोलन करने पहुंची. झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ के बैनर तले 25 और 26 नवंबर को विधानसभा भवन के समक्ष कुटे मैदान में दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है.
आंदोलन में शामिल होने के लिए मंगलवार को गोड्डा जिले से 300 से अधिक रसोइया दीदियां रांची के लिए रवाना हुईं. इस दौरान संघ के प्रदेश सचिव मनोज कुशवाहा ने उन्हें विदा किया. मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष भुंडा बास्की भी मौजूद रहे.
संघ के प्रदेश सचिव मनोज कुशवाहा और प्रदेश उपाध्यक्ष भुंडा बास्की ने बताया कि झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ (एक्टू), एआइसीसीटीयू के समर्थन से अपनी मांगों को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन कर रहा है. इसके तहत 24 से 27 नवंबर तक राज्यभर की रसोइया दीदियां हड़ताल पर रहेंगी. वहीं, 25 और 26 नवंबर को विधानसभा के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.
22 साल से सेवा, फिर भी नहीं मिला सरकारी कर्मचारी का दर्जा
संघ का कहना है कि रसोइया दीदियां पिछले करीब 22 वर्षों से सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना के तहत बच्चों के लिए खाना बनाने और परोसने का काम कर रही हैं. इसके बावजूद उन्हें अब तक सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है. इतना ही नहीं, उन्हें अनुबंध कर्मचारी के रूप में भी मान्यता नहीं दी गई है. लंबे समय से सेवा देने के बावजूद रसोइया दीदियां सम्मानजनक मानदेय और जरूरी सुविधाओं से वंचित हैं. संघ ने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द समाधान निकालने की मांग की है.
रसोइया दीदियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा करने की दिशा में ठोस पहल नहीं करती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा.
Also Read : संविधान की रक्षा के लिए 26 नवंबर को सड़क पर उतरेगी कांग्रेस, केशव महतो कमलेश करेंगे नेतृत्व
No comments yet. Be the first to comment!